सलमान खान और असीन की फिल्म Ready तो आपको याद ही होगी। 2011 में रिलीज हुई इस कॉमेडी फिल्म में सलमान के साथ परेश रावल, महेश मांजरेकर, मनोज जोशी, शरत सक्सेना और कई बड़े कलाकार नजर आए थे। लेकिन फिल्म के एक सीन में आपने शायद एक अजीब चीज नोटिस की होगी—सलमान खान के साथ लगभग सभी लोग काले चश्मे में दिखाई देते हैं।
पहली नजर में लगता है कि शायद यह सीन की स्क्रिप्ट का हिस्सा होगा, लेकिन इसके पीछे की कहानी कुछ और ही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Ready की शूटिंग के दौरान सलमान खान की आंखों में इंफेक्शन हो गया था। 2010 में श्रीलंका में फिल्म की शूटिंग चल रही थी और एक बड़े सीन के लिए पूरा सेट और कई कलाकार तैयार थे। तभी सलमान ने निर्देशक अनीस बज्मी को बताया कि उनकी आंख में परेशानी है और वह सामान्य तरीके से शूट नहीं कर पाएंगे।
ऐसे में शूटिंग रोकना आसान नहीं था। इतने सारे कलाकारों की डेट्स, बड़ा सेट और पूरी शूटिंग यूनिट पहले से तैयार थी। अनीस बज्मी ने समस्या का ऐसा समाधान निकाला, जिसने बाद में इसी सीन को यादगार बना दिया।
उन्होंने सलमान को काला चश्मा पहनाने का फैसला किया, ताकि उनकी आंख कैमरे पर नजर न आए। लेकिन दिक्कत यह थी कि फिल्म में सलमान का किरदार प्रेम पहले से अलग तरह का चश्मा पहनता था। अचानक सिर्फ सलमान को काले चश्मे में दिखाना अजीब लगता।

तभी अनीस बज्मी ने सीन में ही काले चश्मे को कहानी का हिस्सा बना दिया और बाकी कलाकारों को भी काले चश्मे पहना दिए। सीन में जब इस चश्मे की वजह पूछी जाती है तो प्रेम एक मजेदार जवाब देता है कि आगे की बात सुनने के बाद वे एक-दूसरे से नजरें नहीं मिला पाएंगे।
यानी जिस चीज को दर्शकों ने फिल्म की स्क्रिप्ट का हिस्सा समझा, वह असल में शूटिंग के दौरान पैदा हुई एक समस्या का क्रिएटिव समाधान था। अनीस बज्मी के इस फैसले ने न सिर्फ उस दिन की शूटिंग बचाई, बल्कि मजबूरी में बनाया गया यह सीन फिल्म के दिलचस्प किस्सों में शामिल हो गया।
यह भी पढ़ें: The Family Man Season 4: कब रिलीज होगी मनोज बाजपेयी की सीरीज?