सलमान खान ने बॉलीवुड में तमाम लोगों को मौका दिया है। जिसमें एक्टर्स से लेकर सिंगर्स तक शामिल हैं। उन्होंने बहुतों को मौका दिया है लेकिन वो उनकी किस्मत है कि उनमें से कुछ तो अभी भी बॉलीवुड में अपना नाम बना रहे हैं। लेकिन कुछ अब इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं हैं। लेकिन आज हम उन एक्ट्रेसेस की बात करेंगे जिन्हें सलमान खान ने लॉन्च किया।
उन्होंने कुछ को अपने साथ फिल्म में काम दिया तो कुछ को अपने प्रोडक्शन हाउस के जरिए फिल्मों में लीड एक्ट्रेस के तौर पर लॉन्च किया। कुछ बड़े नाम तो आप जानते ही होंगे। जैसे कैटरीना कैफ, शहनाज गिल और सोनाक्षी सिन्हा। लेकिन आज हम आपको उनकी लॉन्च की हुई टॉप 10 एक्ट्रेसेस के बारे में बताएंगे।
- कैटरीना कैफ
सबसे पहले बात उस एक्ट्रेस की, जिसका नाम शायद इस पूरी लिस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा में आता है – कैटरीना कैफ। कैटरीना ने बॉलीवुड में कदम साल 2003 की फिल्म Boom से रखा था। लेकिन इस फिल्म से उन्हें वो सफलता नहीं मिली जिसकी उन्हें उम्मीद थी। इसके करीब दो साल बाद आया वो मौका जिसने उनके करियर की दिशा बदल दी। फिल्म थी ‘मैंने प्यार क्यूं किया’

इस फिल्म में कैटरीना ने सलमान खान और सुष्मिता सेन के साथ काम किया था। फिल्म की सफलता के बाद कैटरीना को बॉलीवुड में काफी पहचान मिली और यहीं से सलमान और कैटरीना की ऑन स्क्रीन जोड़ी भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय होने लगी। इसके बाद दोनों ने ‘पार्टनर’, ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’ और दूसरी फिल्मों में साथ काम किया। कैटरीना ने सिर्फ सलमान के साथ ही नहीं बल्कि अपनी अलग फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई।
- स्नेहा उल्लाल
अब आते हैं उस नाम पर जिसकी कहानी सबसे ज्यादा दिलचस्प है- स्नेहा उल्लाल। स्नेहा को सलमान खान ने साल 2005 की फिल्म ‘Lucky: No Time for Love’ से बॉलीवुड में लॉन्च किया था। दिलचस्प बात ये है कि स्नेहा का बॉलीवुड में आने का प्लान भी शुरू से नहीं था। रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान की बहन अर्पिता ने स्नेहा को देखा और उनका नाम फिल्म के लिए सुझाया। इसके बाद सलमान ने उन्हें फिल्म में मौका दिया।

फिल्म रिलीज हुई तो स्नेहा की शक्ल की तुलना ऐश्वर्या राय से होने लगी। लेकिन यही तुलना बाद में उनके लिए मुश्किल भी बनी। स्नेहा ने बाद में बताया कि लगातार होने वाली तुलना ने उनकी अपनी पहचान पर असर डाला। बॉलीवुड में कुछ फिल्मों के बाद उन्होंने साउथ इंडियन सिनेमा का रुख किया और तेलुगु फिल्मों में काम किया। काफी समय तक एक्टिंग से दूर रहने के बाद उन्होंने 2020 में वापसी की और 2026 में वो तेलुगु फिल्म Nilakanta में भी नजर आईं।
- सोनाक्षी सिन्हा
लिस्ट में अगला नंबर है सोनाक्षी सिन्हा का। सोनाक्षी के लिए सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ बेहद बड़ा लॉन्च साबित हुई। साल 2010 में आई इस फिल्म में सोनाक्षी ने रज्जो का किरदार निभाया। और फिल्म के साथ ही उनका किरदार भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गया। सलमान ने सोनाक्षी को बॉलीवुड में बड़े स्तर पर इंट्रोड्यूस किया और दबंग उनकी पहली बड़ी हिंदी फिल्म बनी। इसके बाद सोनाक्षी ने Rowdy Rathore, Son of Sardaar, Dabangg 2, Lootera, Holiday जैसी फिल्मों में काम किया।

और आज सोनाक्षी का नाम सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है। दहाड़ जैसी वेब सीरीज से उन्होंने ओटीटी पर भी अपना अलग नाम बनाया। फिलहाल वो अपनी पति जहीर इकबाल के साथ सोशल मीडिया पर भी काफी छाई रहती हैं।
- ज़रीन खान
अब बात करते हैं ज़रीन खान की। ज़रीन की कहानी भी काफी दिलचस्प है क्योंकि उनके बॉलीवुड डेब्यू के समय उनकी तुलना एक दूसरी बड़ी एक्ट्रेस से होने लगी थी। साल 2010 में सलमान खान के साथ उनकी फिल्म आई ‘वीर’। इसी फिल्म से ज़रीन खान ने बॉलीवुड में कदम रखा। रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान ने उन्हें ‘युवराज’ के सेट पर देखा था और उन्हें वीर के लिए सही माना। फिल्म रिलीज होने के बाद ज़रीन के लुक की तुलना कैटरीना कैफ से की गई।

क्योंकि उस समय सलमान और कैटरीना की जोड़ी काफी लोकप्रिय थी, इसलिए ज़रीन को लेकर भी ये चर्चा तेजी से फैल गई कि सलमान ने एक और कैटरीना जैसी दिखने वाली लड़की को लॉन्च किया है। हालांकि ज़रीन बाद में अपनी अलग फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने Ready के गाने Character Dheela में भी सलमान के साथ काम किया और बाद में Hate Story 3 जैसी फिल्मों में दिखाई दीं।
- डेज़ी शाह
डेज़ी शाह को भी सलमान खान ने अपने साथ लीड एक्ट्रेस के तौर पर लॉन्च किया था। डेज़ी की कहानी बाकी कई एक्सट्रेस से थोड़ी अलग है। फिल्मों में आने से पहले वो बैकग्राउंड डांसर के तौर पर काम कर चुकी थीं और कोरियोग्राफर गणेश आचार्य के साथ भी काम किया था। दिलचस्प बात ये है कि डेज़ी सलमान खान की फिल्म तेरे नाम के एक गाने में उनके साथ डांस भी कर चुकी थीं।

साल 2014 में सलमान खान ने उन्हें अपनी फिल्म ‘जय हो’ में बतौर लीड एक्ट्रेस मौका दिया। इसके बाद डेज़ी ने Hate Story 3* जैसी फिल्मों में भी काम किया। इसके अलावा टीवी की दुनिया में वो खतरों के खिलाड़ी 13 में भी नजर आईं। हालांकि फिलहाल वो फिल्मों में ज्यादा एक्टिव नहीं हैं।
- आथिया शेट्टी
सलमान खान ने सुनील शेट्टी की बेटी आथिया शेट्टी को भी लॉन्च किया था। साल 2015 में फिल्म आई ‘हीरो’ और इस फिल्म को सलमान खान के प्रोडक्शन में ही बनाया गया था। इस फिल्म में आथिया के साथ आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली थे और सलमान खान ने दोनों नए कलाकारों को लॉन्च करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सलमान ने सिर्फ फिल्म में मौका ही नहीं दिया बल्कि फिल्म के प्रमोशन और टाइटल ट्रैक से भी जुड़े। इसके बाद आथिया ने Mubarakan जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि उनका फिल्मी करियर बहुत बड़ा नहीं रहा और उन्होंने फिल्मों की संख्या भी काफी कम रखी। लेकिन बॉलीवुड में उनका पहला बड़ा कदम सलमान खान के समर्थन से ही आया था।
- वरीना हुसैन
वरीना हुसैन भी उन एक्ट्रेसेस में से हैं जिन्हें सलमान खान ने लॉन्च किया था। ये उन एक्ट्रेसेस में से हैं जिन्हें सलमान खान ने अपनी प्रोडक्शन के जरिए बॉलीवुड में लॉन्च किया। फिल्म थी ‘लवरात्रि’ और ये साल 2018 में रिलीज हुई थी। फिल्म में वरीना के साथ सलमान के जीजा आयुष शर्मा थे। सलमान खुद इस फिल्म में हीरो नहीं थे, लेकिन उन्होंने फिल्म को प्रोड्यूस किया और वरीना को बॉलीवुड में लॉन्च किया।

वरीना ने अपने डेब्यू के समय सलमान के सपोर्ट को लेकर भी खुलकर बात की थी और कहा था कि सलमान की वजह से उनकी जिंदगी बदल गई। लेकिन ‘लवरात्रि’ के बाद उनका बॉलीवुड करियर उतना बड़ा नहीं बन पाया जितनी उम्मीद उनके डेब्यू के समय की जा रही थी।
- प्रनूतन बहल
अब आते हैं एक बहुत खास नाम पर प्रनूतन बहल। अगर आपको पुरानी बॉलीवुड फिल्मों की अभिनेत्री नूतन याद हैं, तो प्रनूतन उन्हीं की पोती हैं और उनके पिता हैं एक्टर मोहनीश बहल। सलमान खान का मोहनीश बहल के परिवार से पुराना रिश्ता रहा है। साल 2019 में सलमान खान की प्रोडक्शन कंपनी से आई फिल्म Notebook में प्रनूतन ने ज़हीर इकबाल के साथ बॉलीवुड डेब्यू किया था।

सलमान ने खुद इस फिल्म के जरिए दोनों न्यूकमर्स को इंट्रोड्यूस किया था। दिलचस्प बात ये है कि सलमान ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वो सिर्फ इसलिए किसी को लॉन्च नहीं करते कि वो किसी स्टार का बच्चा है; उनके मुताबिक नए कलाकार को डिजर्विंग होना चाहिए।
प्रनूतन के लिए Notebook पहला बड़ा हिंदी फिल्मी मौका था। इसके बाद उन्होंने कुछ फिल्मों में काम किया, लेकिन अभी तक उनका करियर उस स्तर तक नहीं पहुंचा है जिस स्तर पर उनकी दादी नूतन या पिता मोहनीश बहल का करियर रहा।
- सई मांजरेकर
हमारी अगली एक्ट्रेस हैं सई मांजरेकर। सई मशहूर अभिनेता और निर्देशक महेश मांजरेकर की बेटी हैं। सलमान खान की फिल्म Dabangg 3 में सई ने यंग चुलबुल पांडे की प्रेमिका का किरदार निभाया और यही उनकी बड़ी बॉलीवुड शुरुआत थी। 2019 में Dabangg 3 से उन्होंने सलमान खान के साथ अपना बॉलीवुड डेब्यू किया। इसके बाद सई ने हिंदी के साथ-साथ दूसरी भाषाओं में भी काम किया। यानी सोनाक्षी के बाद Dabangg franchise ने एक और नई एक्ट्रेस को बड़े स्तर पर ऑडियंस के सामने पेश किया।

- शहनाज़ गिल
अब आते हैं उस नाम पर जिसे आज की युवा ऑडियंस बहुत अच्छी तरह जानती है शहनाज़ गिल। शहनाज़ पहले से पंजाब इंडस्ट्री और फिर Bigg Boss 13 की वजह से काफी लोकप्रिय हो चुकी थीं। लेकिन बॉलीवुड में उनका बड़ा कदम आया सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ से। सलमान ने शहनाज़ को फिल्म में मौका दिया और इस तरह उन्हें हिंदी फिल्मों के बड़े पर्दे पर एक बड़ा प्लेटफॉर्म मिला।

शहनाज आज भी कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं। उन्होंने अपनी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। हालांकि वो बॉलीवुड में लीड एक्ट्रेस के तौर पर दिखाई नहीं दी हैं। लेकिन उनकी पॉपुलैरिटी अलग ही है।
तो ये थीं वो एक्ट्रेसेस जिनकी सलमान खान ने किस्मत संवारी है। हालांकि इनमे से कुछ अब बॉलीवुड में कम ही दिखती हैं लेकिन वो मानती हैं कि उन्हें उनके करियर का बड़ा ब्रेक सलमान खान ने ही दिया।
ये भी पढ़ें: पहली शादी से टूट गई थीं अर्चना पूरन सिंह, फिर ऐसे मिला हमसफर!